Homeगाजियाबादप्रशासनमौसम

7 से 10 जुलाई तक गाजियाबाद में भारी बारिश, आंधी-तूफान का येलो अलर्ट, ओलावृष्टि एवं वज्रपात की संभावना 

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। मौसम विभाग द्वारा जनपद गाजियाबाद में 7 जुलाई से 10 जुलाई तक भारी बारिश, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि एवं वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ के अनुसार जनपद में 7 जुलाई से व्यापक वर्षा का दौर शुरू होकर 10 जुलाई तक जारी रह सकता है। खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने तथा मौसम संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने का अनुरोध किया गया है।

प्रशासन ने नागरिकों को पुराने एवं जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों तथा विद्युत तारों और पोलों से दूर रहने की सलाह दी है। आंधी-तूफान के दौरान धातु की डंडी वाले छाते का प्रयोग न करने तथा पेड़ों के नीचे शरण न लेने की भी अपील की गई है।

किसानों को विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा गया है कि भारी वर्षा एवं ओलावृष्टि के दौरान खेतों में न जाएं तथा पहले से कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखें। निर्माण कार्यों में उपयोग किए जाने वाले टीन शेड एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं को मजबूती से बांधने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने बच्चों एवं बुजुर्गों को खराब मौसम के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रखने की अपील की है। मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिकों को ‘सचेत’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।

किसी भी प्रकार की चिकित्सीय आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 108 एवं 102 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button