80वें स्वतंत्रता दिवस पर मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा भव्य आयोजन, श्री सतपाल महाराज ने किया ध्वजारोहण

नई दिल्ली/पंडवाला कलां,(आनन्द धारा)। देशभर में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इसी क्रम में श्री हंस कालोनी, पंडवाला कलां में सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी के तत्वावधान में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमुदाय ने पूरे सम्मान और भावपूर्ण वातावरण में ‘वंदे मातरम्’ तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। समारोह के दौरान मानव सेवा दल द्वारा आकर्षक एवं अनुशासित परेड का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी के सुपुत्र श्री सुयश जी का जन्मदिन भी वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। श्री महाराज जी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए श्री सुयश जी को जन्मदिवस की बधाई एवं अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री सतपाल महाराज जी ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो ज्ञान देकर शिष्य को ईश्वर प्राप्ति का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं जनसमुदाय को सच्चा देशभक्त बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पहुंचे सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी, माता अमृता जी, श्री विभु जी महाराज, श्री सुयश जी महाराज एवं अन्य दिव्य विभूतियों का मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समारोह में समिति के संगठन सचिव महात्मा सत्यबोधानन्द जी, मंत्री श्री आनंदी प्रसाद जी, मानव सेवा दल के डायरेक्टर श्री आनंद कुमार सिंह सहित केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, प्रांत अधिकारी, संत-महात्मा, बाई जी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस और आध्यात्मिक संदेशों से ओत-प्रोत यह आयोजन देशभक्ति, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम बन गया।



