
मुरादनगर,(आनन्द धारा)। श्रावण मास में भगवान शिव के भक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए ग्राम जलालाबाद एवं उखरालसी में निशुल्क सेवा शिविरों का शुभारंभ किया गया। दोनों गांवों के लोगों के सहयोग से आयोजित इन शिविरों का उद्घाटन रजापुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राहुल चौधरी उर्फ डैनी ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों की सेवा को पुण्य का कार्य बताते हुए समाज से अधिक से अधिक लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में भागीदारी की अपील की।
राहुल चौधरी उर्फ डैनी ने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव के भक्त लंबी दूरी तय कर जलाभिषेक के लिए निकलते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि दोनों गांवों के लोग सेवा भावना के साथ आगे आकर अपने पूर्वजों की परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। यह समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और कांवड़ियों के प्रति सम्मान का भाव लगातार बढ़ रहा है। रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उखरालसी गांव में शिविर की व्यवस्था सभासद शिवा चौधरी की ओर से की गई, जहां कांवड़ियों के लिए भोजन, शीतल पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। वहीं जलालाबाद में भी ग्रामीणों के सहयोग से सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में शिवभक्तों की सेवा की जा रही है।

इस अवसर पर रामू चेयरमैन, जितेंद्र चौधरी, टोनी, कपिल चौधरी, अर्पित चौधरी, राजिंदर, जयवीर, अनी, नितिन चौधरी, मोनू, शिवकुमार सहित दोनों गांवों के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कांवड़ियों का स्वागत कर उनकी सेवा में सहयोग देने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।



