
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत के तत्वावधान में मेरठ रोड स्थित हिंडन धर्म कांटे पर 7 अगस्त 2026 को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहनों पर रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए गए, जिससे रात्रि के समय वाहन चालकों की दृश्यता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अभियान के दौरान लगभग 5000 रिफ्लेक्टर स्टिकर दोपहिया वाहनों पर लगाए गए। वहीं 8 अगस्त 2026 को रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत द्वारा जनपद गाजियाबाद के 500 पुलिस कर्मियों को रिफ्लेक्टिव जैकेट प्रदान की गईं, जिससे वे विशेष रूप से कांवड़ यात्रा एवं यातायात व्यवस्था के दौरान अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से अपनी सेवाएं दे सकें।

इस अवसर पर डीसीपी ट्रैफिक गाजियाबाद त्रिगुण बिशन, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक श्री वरुण कुमार सिंह एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने अभियान में सहभागिता करते हुए रोटरी क्लब के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की। अधिकारियों ने क्लब द्वारा उपलब्ध कराई गई 500 रिफ्लेक्टिव जैकेटों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इनका व्यापक उपयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत की ओर से अंजुल गुप्ता (अध्यक्ष), संदीप गोयल (सचिव), दिनेश मित्तल, सतीश चंद्र मित्तल, राकेश मोहन गुप्ता, अभिषेक जिंदल, असिस्टेंट गवर्नर अभिनव गोयल, सचिन कोहली, सचिन त्यागी, संदीप सिंघल, विनीत जैन, आशीष गर्ग एवं अतुल मित्तल सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।

क्लब के अध्यक्ष अंजुल गुप्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाने में सहायक होंगे तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत ने भविष्य में भी समाजहित एवं जनसुरक्षा से जुड़े ऐसे जनजागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।



