गांधी जयंती पर दादरी में चला स्वच्छता अभियान, सफाई पदयात्रा निकालकर पार्क की गई साफ-सफाई

दादरी,(आनन्द धारा)। मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुविख्यात श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से सम्पूर्ण भारत वर्ष में 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दादरी में प्रताप विहार आश्रम के प्रभारी महात्मा संजीवनी बाईजी के दिशा निर्देशन में सफाई पदयात्रा निकाली गई और आस-पास स्थित पार्क में विशेष साफ-सफाई की गई।
स्वच्छता अभियान में संस्था के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में नंदराम उपाध्याय, कपिल शर्मा, सतपाल शर्मा, संतवीर जी, विनय कश्यप, विकास कश्यप, चंद्रभान जी एवं जय प्रकाश सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।

वहीं बहनों में अनीता कश्यप, अनीता शर्मा, चंद्रवती, गीता पाल, रन्नो पाल, शीतल देवी सहित अन्य प्रेमी भाई-बहनों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को आत्मसात करने और अपने घर, आसपास के क्षेत्र तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। अभियान में शामिल सभी कार्यकर्ताओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।



