Homeगाजियाबादशिक्षासामाजिकसांस्कृतिक

के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया प्राइमरी विभाग का वार्षिकोत्सव, ‘भारत के रंग’ की प्रस्तुति ने मोहा मन

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। सी-ब्लॉक, कवि नगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में शनिवार,10 अक्टूबर 2026 को प्राइमरी विभाग की ओर से वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘भारत के रंग’ नामक प्रस्तुति रही, जिसने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

समारोह में विश्व प्रसिद्ध कथक कला शिरोमणि सुश्री नलिनी अस्थाना एवं सुश्री कमलिनी अस्थाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्य अश्विनी बजाज, श्रीमती वंदना बजाज, बी.पी. माहेश्वरी, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा, उपप्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता दुबे, शिक्षाविदों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुरूप अतिथियों को पौधे भेंट कर किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में महक मोईन (ह्यूमैनिटीज में 97.6%), अनंत सिंह (पीसीएम में 96.2%), भाविका मित्तल (98.8%) और वत्सल गर्ग (98.8%) शामिल रहे। उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यालय ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति और विद्यार्थियों की प्रतिभा का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं और निरंतर प्रगति को रेखांकित किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण ‘भारत के रंग’ शीर्षक से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। इस प्रस्तुति में भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों, विविध वेशभूषाओं, भाषाओं, सांस्कृतिक परंपराओं और देश की गौरवशाली विरासत को दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और भारतीय संस्कृति की विविधता का संदेश दिया। प्रस्तुति ने सभागार में उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया और सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।

मुख्य अतिथि सुश्री नलिनी अस्थाना एवं सुश्री कमलिनी अस्थाना ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और उनकी प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना की। उनके उत्साहवर्धक शब्दों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा।

समारोह के अंत में विद्यालय की हेड गर्ल काशवी दीक्षित ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ इस भव्य वार्षिकोत्सव का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button