श्री सतपाल महाराज की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा लखनऊ में चलाया गया सफाई अभियान

लखनऊ,(आनन्द धारा)। श्री सतपाल जी महाराज की प्रेरणा से स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत मानव उत्थान सेवा समिति की स्थानीय शाखा ने जानकीपुरम सेक्टर-H, पहाड़पुर के निकट कुर्सी रोड स्थित भुइयन देवी मंदिर पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया। यहां आयोजित होने वाले दो दिवसीय महान सत्संग समारोह से पहले पार्क और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण किया गया।
समिति की ओर से यह अभियान 9 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे शुरू किया गया। श्री हंस भक्ति धाम आश्रम, लखनऊ की प्रभारी पूज्य अंजना बाई जी के दिशा-निर्देशों में कार्यकर्ताओं ने पार्क के अंदरूनी हिस्सों के साथ आसपास फैले कचरे को भी साफ किया। अंजना बाई जी ने स्वयं सफाई अभियान में श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

गौरतलब है कि इसी पार्क में मानव उत्थान सेवा समिति की स्थानीय शाखा की ओर से 9 और 10 सितंबर को दो दिवसीय महान सत्संग समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समय शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद थी।
स्वच्छता अभियान में सहयोगी ममता अमरावती बाई जी और ममता प्रेणी बाई जी के साथ मानव सेवा दल के स्वयंसेवकों, यूथ टीम तथा जानकीपुरम शाखा के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान आसपास के लोगों ने भी सहयोग किया और समिति के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर मानव सेवा दल के जिला प्रमुख विजय कुमार अवस्थी, महावीर प्रसाद, रामराज यादव, राकेश सिंह, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, रमेश बाबू, राजेंद्र कुमार, रामसूरत पटेल, यूथ कोऑर्डिनेटर अमित सिंह, पंकज शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति के इस प्रयास ने धार्मिक आयोजन के साथ-साथ स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया।



