मुरादनगर रामलीला में श्रीराम-जानकी विवाह का भव्य मंचन, कन्यादान प्रसंग ने मोहा मन

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में टंकी रोड स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम-जानकी विवाह एवं कन्यादान लीला का भव्य मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। पूरे आयोजन में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।
लीला के मंचन में दिखाया गया कि जनकपुरी में भगवान श्रीराम द्वारा शिवधनुष भंग किए जाने के बाद राजा जनक ने अयोध्या में महाराज दशरथ के पास दूत भेजकर विवाह का निमंत्रण भिजवाया। शुभ समाचार मिलने के बाद महाराज दशरथ अपने परिवार और अयोध्यावासियों के साथ बारात लेकर जनकपुरी पहुंचे। वहां राजा जनक ने बारात का भव्य स्वागत किया और वैदिक परंपराओं के अनुसार श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न कराया।
विवाह समारोह के दौरान जनकपुरी के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार कन्यादान स्वरूप भेंट अर्पित की। इसके साथ ही भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के विवाह का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। चारों भाइयों के विवाह से अयोध्या और जनकपुरी में खुशियों का माहौल छा गया।
कार्यक्रम में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के बुद्ध प्रकाश गोयल, सुशील गोयल, विनोद धनगर, महेश चंद गोयल, सुभाष चंद्र गर्ग, अशोक कुमार अग्रवाल, योगेंद्र गुप्ता लिली, देवेंद्र गुप्ता, राजेश सिंघल, सचित गोयल, भूपेंद्र पाल, राजकुमार गोयल और संजीव राजपूत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



