
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर 2026 को एम.एम.एच. कॉलेज, गाजियाबाद के मानसिक स्वास्थ्य क्लब द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के उपाध्यक्ष कृष्ण के नेतृत्व में मंच संचालन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित नाटक ‘टिकट के उस पार’ प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, सामाजिक दबाव और उनके समाधान के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। इसके बाद कृष्ण ने अपनी अंतिम प्रस्तुति दी। खुशी, हर्ष और अन्य विद्यार्थियों ने कविताओं के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य, भावनाओं तथा सकारात्मक सोच के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रकाश चौधरी सर ने अपने संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए इसके महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक परेशानियों को पहचानने और आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

मीना वर्मा मैम ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आर.एस. यादव सर, सीमा मैम, रीतू मैम और सुभाषिनी मैम सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में तनिष्का, अंजलि, प्राची, मयंक, पिंटू, रोहित, अनुष्का, श्रेया, हर्ष सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंत में यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, भावनात्मक समस्याओं को समझने, जरूरत पड़ने पर सहायता लेने और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।



