Homeनोएडासामाजिक

सार्थक पाठशाला में गांधी व शास्त्री जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

नोएडा,(आनन्द धारा)। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सार्थक एक नई सोच संस्था की ओर से नोएडा सेक्टर-16 स्थित स्लम क्षेत्र की सार्थक पाठशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों, आदर्शों और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरित होकर आकर्षक पेंटिंग बनाई और निबंध लेखन में प्रतिभाग किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक डॉ. संतोष उपाध्याय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चों को जयंती की शुभकामनाएं दीं और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

संस्था के राष्ट्रीय संयोजक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सामाजिक मूल्यों की भावना विकसित करने के उद्देश्य से संस्था द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेकर बच्चे अपने जीवन में सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और देशसेवा के आदर्शों को अपनाएं तथा राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। देशभक्ति गीतों पर नृत्य और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने जयंती समारोह को यादगार बनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button