Homeखेलगाजियाबादसम्मान

गाजियाबाद टस्कर्स को 23 रनों से हराकर मिग्सन चैंपियंस ने दर्ज की शानदार जीत, अल्फा क्रिकेट ग्राउंड पर दिखा रोमांच

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। अल्फा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए गाजियाबाद प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में मिग्सन चैंपियंस ने गाजियाबाद टस्कर्स को 23 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में मिग्सन चैंपियंस की टीम जीत हासिल करने में सफल रही। बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलने वाले प्रिंस यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मिग्सन चैंपियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अब्दुल वहाब मात्र 1 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटके के बाद प्रिंस यादव ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 48 गेंदों में 94 रन बनाए। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। जबकि प्रशांत गुर्जर ने तूफानी 34 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली। प्रशांत बालियान ने 17 रन तथा तुषार त्यागी ने 11 रन का योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवरों में मिग्सन चैंपियंस ने 7 विकेट खोकर 206 रन बनाए।
गाजियाबाद टस्कर्स की ओर से नमन तिवारी, कार्तिक छिकारा और निशांत ठाकुर ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा।

207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजियाबाद टस्कर्स की टीम ने भी संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया। कार्तिक छिकारा ने 33 गेंदों पर 83 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, जबकि भास्कर भारद्वाज ने 31 से गेंद पर 34 रनों की पारी खेली लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और टस्कर्स की टीम निर्धारित ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 23 रन से पीछे रह गई।

मिग्सन चैंपियंस के गेंदबाजों ने दबाव की स्थिति में शानदार गेंदबाजी की। साहिल खान ने महत्वपूर्ण मौकों पर विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अन्य गेंदबाजों ने भी सधी हुई गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।

पूरे मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और दर्शकों को भरपूर रोमांच मिला। मैच के अंत में 94 रनों की शानदार पारी के लिए प्रिंस यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुकाबले के संचालन में अंपायर आशीष खन्ना और विवेक प्रकाश मलिक तथा मैच रेफरी राहुल कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मिग्सन चैंपियंस की इस जीत से टीम का मनोबल काफी बढ़ा है और लीग में उसकी स्थिति भी मजबूत हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button