
नोएडा,(आनन्द धारा)। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर ‘सार्थक एक नई सोच’ संस्था के पोस्टर का लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने संस्था की पहल की सराहना करते हुए पदाधिकारियों और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
संस्था के राष्ट्रीय संयोजक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि ‘सार्थक एक नई सोच’ की ओर से युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। संस्था 10वीं पास 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं को निःशुल्क स्किल ट्रेनिंग उपलब्ध करा रही है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को रोजगार दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा।
जरूरतमंद युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
पंकज त्रिपाठी के मुताबिक, संस्था के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से युवाओं की ओर से संपर्क किया जा रहा है। प्रशिक्षण नोएडा में आयोजित किया जाएगा और इसमें आर्थिक रूप से कमजोर तथा फीस वहन करने में असमर्थ युवाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत युवाओं को एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन की सर्विसिंग के साथ-साथ ईवी मोटरसाइकिल से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और जॉब से जुड़ने में भी संस्था की ओर से सहयोग किया जाएगा।
CSR के तहत दिया जा रहा प्रशिक्षण
संस्था के फाउंडर डॉ. संतोष उपाध्याय ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गोदरेज और जेके फेनेर के सहयोग से CSR प्रोजेक्ट के तहत संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को तकनीकी कौशल से जोड़कर उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
उन्होंने बताया कि संस्था ने इस वर्ष करीब एक हजार युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, तकनीकी क्षेत्र में युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। संस्था का जोर युवाओं को प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर है।



