
नई दिल्ली,(आनन्द धारा)। मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक देशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार, 6 अक्टूबर को दक्षिणी दिल्ली के तुगलकाबाद गांव स्थित बंगाली कॉलोनी में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन समिति की कालकाजी शाखा द्वारा सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज की प्रेरणा तथा महात्मा श्री कादंबरी बाईं जी के दिशा-निर्देशन में किया गया।
दुर्गा मंदिर, बंगाली कॉलोनी में सुबह 8 बजे से शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व सांसद श्री रमेश बिधूड़ी ने किया। इस दौरान मानव सेवा दल, समिति के शाखा कार्यकर्ताओं और यूथ विंग के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वच्छ वातावरण के महत्व का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज, जागरूक नागरिक और सशक्त राष्ट्र के निर्माण से भी जुड़ी है।

मानव उत्थान सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रूप से योगदान देती है। स्वच्छता अभियान भी इसी सामाजिक सरोकार का हिस्सा है।
अभियान में स्थानीय निवासियों ने भी सहभागिता की और संस्था के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का समापन ईश वंदना एवं प्रसाद वितरण के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन के माध्यम से “स्वच्छता से सेवा, सेवा से संस्कार” का संदेश दिया गया।

समिति की ओर से कहा गया कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को मजबूत करना है, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका निभा सके।



