
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। कोलंबिया कॉन्वेंट इंस्टीट्यूट, मेरठ रोड में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोल बॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन; गाजियाबाद की बेटियों ने जीता स्वर्ण पदक
मेरठ रोड स्थित कोलंबिया कॉन्वेंट इंस्टीट्यूट में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोल बॉल प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन हुए रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों के अद्भुत उत्साह, कौशल और खेल भावना ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समापन समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री योगेंद्र सिंह(प्रबंध निदेशक, पूर्वांजलि समूह विद्यालय, मुरादनगर, गाजियाबाद) तथा विशिष्ट अतिथि श्री राकेश त्यागी (पायलट राकेश त्यागी (अध्यक्ष), मदर इंडिया समूह संस्थान) की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई, साथ ही विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री वी. एम. त्यागी (अध्यक्ष), श्री एस. सी. त्यागी (प्रबंध निदेशक) एवं डॉ. ललिता सिंह (प्रधानाचार्या) उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों के महत्व पर बल दिया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गाजियाबाद की बालिका टीम ने आगरा को 7-2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की कप्तान इप्सा कपूर ने उत्कृष्ट नेतृत्व करते हुए पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 8 गोल किए।

बालक वर्ग में गाजियाबाद की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम की ओर से सार्थक त्यागी, ओरिजीत और अयान के प्रदर्शन ने मुकाबलों को रोमांचक बनाया, वहीं गोलकीपर तनुष ने अपने शानदार बचाव से दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। रोल बॉल खेल संघ गाजियाबाद के आयोजन सचिव एवं कोच श्री संजीव कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का सशक्त मंच प्राप्त हुआ है।
यह प्रतियोगिता रोल बॉल खेल की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है तथा युवा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



