
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर अगले सप्ताह भारत दौरे पर आएंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर अहम बातचीत होगी।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, जेमीसन ग्रीर 23 और 24 जून को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और आपसी व्यापार बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान पहले जिन मुद्दों पर बातचीत हुई थी, उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चर्चा का मुख्य केंद्र अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा को अंतिम रूप देना रहेगा।
इसके साथ ही भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की बातचीत को भी आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। दोनों देश लगातार इस समझौते को लेकर संपर्क में हैं।
माना जा रहा है कि इस वार्ता से दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। भारत लगातार अपने निर्यात को बढ़ाने और वैश्विक बाजार में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करने के प्रयास कर रहा है, वहीं अमेरिका भी भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को और विस्तार देने में रुचि दिखा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बनती है तो इससे दोनों देशों के उद्योगों, निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिल सकता है। इससे कई क्षेत्रों में बाजार पहुंच और व्यापार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
भारत-अमेरिका के बीच यह वार्ता ऐसे समय हो रही है जब दोनों देश रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर लगातार काम कर रहे हैं।



