कला उत्सव-2026 में श्री हंस इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “कला उत्सव-2026” के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 8 सितंबर 2026 को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विजयनगर, गाजियाबाद में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस प्रतियोगिता में श्री हंस इंटर कॉलेज, मुरादनगर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। कहानी वाचन प्रतियोगिता में कक्षा 10 की छात्राओं तमन्ना एवं हिमांशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में विद्यालय की चार छात्राओं ईशा (कक्षा 11), रिया प्रजापति (कक्षा 9), तानिया (कक्षा 11) एवं गुलिस्ता (कक्षा 11) ने अपनी शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार ने सभी सफल छात्राओं एवं उनकी मार्गदर्शक अध्यापिका श्रीमती हेमलता शर्मा को सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति एवं कला से जोड़ने का कार्य करती हैं।
प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार एवं समस्त विद्यालय परिवार ने छात्राओं को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय परिवार ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।



