
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को परमार्थ सेवा ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ समाजसेवी श्री वी.के. अग्रवाल के नेतृत्व में लालकुआं स्थित सिल्वर सिटी सिनेमा में फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस अवसर पर दुहाई से वृद्ध आश्रम के करीब 200 लोगों को निशुल्क फिल्म दिखाई गई।
फिल्म प्रदर्शन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शकों ने फिल्म का आनंद लेते हुए इसके कथानक और धार्मिक भावनाओं से जुड़े संदेश की सराहना की। इस दौरान सिनेमा हॉल में श्रद्धा और उत्साह का माहौल नजर आया।

परमार्थ सेवा ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य लोगों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भगवान हनुमान से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों से जोड़ना रहा। ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद एवं विभिन्न वर्गों के लोगों को निशुल्क फिल्म दिखाकर सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी वी.के. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जुड़ी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना समाज के लिए सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने परमार्थ सेवा ट्रस्ट एवं श्री वी.के. अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को आगे भी जारी रखने की अपील की।



