Homeराजनीतिसामाजिक

गाजियाबाद में “मनमोहन गोयल औद्योगिक क्षेत्र” का लोकार्पण, महापौर ने किया नामपट्ट का अनावरण

गाजियाबाद। नगर निगम महापौर श्रीमती सुनीता दयाल द्वारा गुलधर-दुहाई औद्योगिक क्षेत्र का लोकार्पण एवं नामपट्ट का अनावरण समारोहपूर्वक किया गया। इस औद्योगिक क्षेत्र को अब स्वर्गीय श्री मनमोहन गोयल के नाम से “मनमोहन गोयल औद्योगिक क्षेत्र” के रूप में जाना जाएगा।

इस अवसर पर एचएलएम कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुरादनगर श्री अजीत पाल त्यागी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने श्री गोयल के जीवन, समाजसेवा एवं औद्योगिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा रानी गोयल ने भी अपने 64 वर्षों के वैवाहिक जीवन के कुछ संस्मरण साझा किए।

स्वर्गीय श्री मनमोहन गोयल का जन्म 21 अक्टूबर 1938 को हुआ था और उनका निधन 21 जनवरी 2024 को हुआ। उन्होंने 1963 में गाजियाबाद के दुहाई गांव में पहली फैक्ट्री “भारत उद्योग” की स्थापना की थी। उनके अथक प्रयासों से मेरठ रोड और रेलवे लाइन के बीच का कई किलोमीटर क्षेत्र औद्योगिक घोषित हुआ, जिससे आज यहां लगभग 1000 उद्योग कार्यरत हैं।

उन्होंने मुरादनगर 220 केवी विद्युतघर से दुहाई तक 6 किमी लंबी बिजली लाइन स्वयं के खर्च पर बनवाई, जिससे न केवल उद्योगों को बल्कि कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को भी बिजली आपूर्ति होती है। इस बिजलीघर के लिए उन्होंने अपनी करोड़ों की जमीन दान दी और निर्माण का खर्च भी स्वयं वहन किया।

नगर निगम द्वारा उनके नाम पर इस क्षेत्र का नामकरण करने के लिए गोयल परिवार ने महापौर, नगर निगम, सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी और अन्य सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार, समाजसेवी और उद्योगपति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह आयोजन स्वर्गीय श्री मनमोहन गोयल के जीवन, उनके योगदान और उनकी स्मृति को सम्मानित करने का प्रतीक बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button